
रायपुर। CG DASTAK
सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रायपुर सेंट्रल जेल से बाहर आए जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी सुप्रीमो, घड़ी चौक तक निकला जुलूस।

रायपुर। छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के अध्यक्ष एवं जोहार छत्तीसगढ़ पार्टी के सुप्रीमो अमित बघेल बुधवार को रायपुर सेंट्रल जेल से रिहा होकर बाहर आए। उनकी रिहाई के बाद समर्थकों और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। जेल के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे और फूल-मालाओं के साथ उनका जोरदार स्वागत किया गया।
अमित बघेल के जेल से बाहर आने के बाद समर्थकों ने रायपुर सेंट्रल जेल से घड़ी चौक तक भव्य रैली निकाली। इस दौरान छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। समर्थकों ने नारेबाजी की और आतिशबाजी कर अपनी खुशी जाहिर की।
गौरतलब है कि बलौदाबाजार हिंसा मामले में अमित बघेल पिछले कई महीनों से जेल में बंद थे। उन्हें 17 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिली थी। अदालत द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुसार उन्हें करीब तीन महीने तक रायपुर जिले से बाहर रहना होगा।
जानिए क्या है पूरा मामला
10 जून 2024 को बलौदाबाजार के दशहरा मैदान में जैतखाम में तोड़फोड़ की घटना के विरोध में एक बड़ा प्रदर्शन आयोजित किया गया था, जिसमें हजारों लोग शामिल हुए थे। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान मंच से दिए गए कथित भड़काऊ भाषणों के बाद भीड़ उग्र हो गई थी।
इसके बाद भीड़ ने बैरिकेड्स तोड़ते हुए कलेक्टोरेट और एसपी कार्यालय परिसर में प्रवेश कर तोड़फोड़ और आगजनी की। इस दौरान कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया और सरकारी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। घटना में बीच-बचाव कर रहे पुलिस अधिकारियों और जवानों पर भी हमला हुआ, जिसमें कई कर्मचारी घायल हो गए थे।
इस मामले में अमित बघेल समेत कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई थी।










