
मोहला-मानपुर। CG DASTAK
मानपुर के घोटिया गांव में हादसा, चालक मौके से फरार; ग्रामीणों ने कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम की
मोहला-मानपुर। जिले के मानपुर ब्लॉक अंतर्गत खडगांव थाना क्षेत्र के ग्राम घोटिया में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दो साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई। फ्लॉवर वैली इंग्लिश मीडियम स्कूल की बस की चपेट में आने से बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
मृत बच्ची की पहचान युवानसी नरेटी (उम्र 2 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि स्कूल बस बच्चों को लेने गांव पहुंची थी। इसी दौरान मासूम बच्ची बस की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोहला भेज दिया।
इधर, मासूम की मौत से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गुस्साए ग्रामीणों ने घोटिया-भर्रीटोला मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ग्रामीणों को समझाने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। क्षेत्र में तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण की स्थिति बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और फरार बस चालक की तलाश की जा रही है।











