
सिरसागंज। CG DASTAK
पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल, चोरी के आभूषण, तमंचे और दीवार तोड़ने के उपकरण बराम

सिरसागंज। थाना नसीरपुर पुलिस ने ग्राम रपड़ी के जंगल में हुई मुठभेड़ के दौरान नकबजनी (दीवार तोड़कर चोरी) करने वाले एक अंतरजनपदीय गैंग के पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, 11-12 जुलाई की रात रहल गांव निवासी भंवर सिंह के घर की दीवार तोड़कर चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे। मामले की जांच के दौरान रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कुछ बदमाश ग्राम रपड़ी के जंगल में किसी नई वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बदमाशों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में शातिर अपराधी तेज सिंह (निवासी पारौली, आगरा) पैर में गोली लगने से घायल हो गया। वहीं उसके साथी नैमीचंद (निवासी धारापुरा, आगरा) को भी पुलिस ने दबोच लिया। मौके से गैंग के अन्य सदस्य सुरेशचंद्र, सियाराम और राधेश्याम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद सामान:
1 करधनी (सफेद धातु)
3 जोड़ी पायल
बच्चों के 2 खडुआ
2 तमंचे (315 बोर)
जिंदा एवं खोखा कारतूस
3 लोहे के सब्बल और रिंच
पुलिस के अनुसार, बरामद आभूषण थाना नसीरपुर में दर्ज चोरी के मामले से संबंधित हैं। घायल आरोपी तेज सिंह के खिलाफ पहले से भी करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने क्या कहा?
एएसपी ग्रामीण अनुज चौधरी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें एक आरोपी घायल हुआ। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, अवैध हथियार और घटना में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










