
अंबुजा मॉल मामले में आयोग ने मुफ्त पार्किंग का आदेश दिया था, लेकिन अविनाश मैग्नेटो मॉल में उपभोक्ता से 30 रुपये वसूले जाने का मामला सामने आया।
रायपुर। राजधानी रायपुर में मॉल पार्किंग शुल्क को लेकर एक बार फिर बहस शुरू हो गई है। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग द्वारा अंबुजा सिटी सेंटर मॉल में पार्किंग शुल्क वसूली को अवैध बताते हुए मुफ्त पार्किंग सुनिश्चित करने का आदेश दिए जाने के बाद अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह व्यवस्था केवल एक मॉल तक सीमित है या फिर अन्य मॉलों पर भी इसका प्रभाव पड़ता है।
इसी बीच अविनाश मैग्नेटो मॉल में पार्किंग शुल्क वसूली का नया मामला सामने आया है। एक उपभोक्ता से 11 जुलाई 2026 को चार पहिया वाहन की पार्किंग के नाम पर 30 रुपये लिए गए, जिसकी रसीद भी सामने आई है।

उपभोक्ता का कहना है कि जब जिला उपभोक्ता आयोग पार्किंग शुल्क को लेकर महत्वपूर्ण फैसला दे चुका है, तब राजधानी के अन्य मॉलों में पार्किंग शुल्क वसूली किस आधार पर जारी है? इसे लेकर आम लोगों के बीच भी चर्चा तेज हो गई है।
गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में रायपुर उपभोक्ता आयोग ने अंबुजा सिटी सेंटर मॉल के मामले में स्पष्ट टिप्पणी करते हुए कहा था कि मॉल परिसर में आने वाले उपभोक्ताओं के लिए पार्किंग एक बुनियादी सुविधा है और इसके लिए अलग से शुल्क लेना उचित नहीं माना जा सकता। आयोग ने मॉल प्रबंधन को मुफ्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए थे।
अब मैग्नेटो मॉल में पार्किंग शुल्क वसूली सामने आने के बाद कई सवाल खड़े हो गए हैं। क्या उपभोक्ता आयोग का आदेश केवल संबंधित पक्षों तक सीमित था? क्या अन्य मॉलों पर भी यह निर्णय लागू माना जा सकता है? क्या इस मामले में फिर से उपभोक्ता आयोग का दरवाजा खटखटाया जाएगा?
कानूनी जानकारों का मानना है कि यदि किसी उपभोक्ता को लगता है कि उसके साथ अनुचित शुल्क वसूली हुई है, तो वह उपभोक्ता आयोग में शिकायत दर्ज कर सकता है और संबंधित आदेशों का हवाला भी दे सकता है। हालांकि प्रत्येक मामले के तथ्यों के आधार पर आयोग अलग-अलग निर्णय दे सकता है।
फिलहाल, अविनाश मैग्नेटो मॉल में पार्किंग शुल्क वसूली की रसीद सामने आने के बाद राजधानी में यह मुद्दा फिर चर्चा का विषय बन गया है। अब देखने वाली बात होगी कि संबंधित मॉल प्रबंधन इस मामले पर क्या स्पष्टीकरण देता है और क्या उपभोक्ता संगठन इस मुद्दे को आगे उठाते हैं।
“जब ग्राहक मॉल में खरीदारी करने जा रहा है, तो क्या उसे पार्किंग के लिए अलग से शुल्क देना चाहिए? रायपुर में अब यही सवाल सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है।”










