
स्थानीय लोगों का दावा- रात में लाखों के दांव, धमतरी-गरियाबंद-बालोद सीमा क्षेत्र में कथित जुआ संचालन; पुलिस जांच की मांग
धमतरी। CG DASTAK
मगरलोड थाना और करेली चौकी क्षेत्र के बूड़ेनी एनीकेट इलाके में बड़े स्तर पर कथित जुआ फड़ संचालित होने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। स्थानीय लोगों और सूत्रों का दावा है कि इस कथित नेटवर्क में आदतन अपराधी एवं रेंज बदर की कार्रवाई झेल चुके छोटू बांडुलकर सहित धनेश रंजित और पोखन के नाम सामने आ रहे हैं।
सूत्रों के अनुसार, धमतरी, गरियाबंद और बालोद जिले की सीमा से लगे इलाकों में देर रात तक लाखों रुपये के दांव लगाए जाने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रतिदिन कई चार पहिया वाहनों से लोगों को कथित तौर पर फड़ तक पहुंचाया जाता है और वहां मोबाइल फोन बंद करवाने जैसी व्यवस्थाएं भी की जाती हैं।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस कथित जुआ नेटवर्क के कारण कई परिवार आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि छोटू बांडुलकर के खिलाफ पूर्व में रेंज बदर की कार्रवाई हो चुकी है। ऐसे में स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि यदि आरोप सही हैं तो प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के बावजूद गतिविधियां कैसे संचालित हो रही हैं।
हालांकि, इस संबंध में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। CG Dastak इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं करता। मामले में पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।










