
बिलासपुर CG DASTAK
वीडियो वायरल होने के बाद SSP रजनेश सिंह की बड़ी कार्रवाई, तीन आरोपियों को थाने से छोड़ने का मामला

बिलासपुर। डीजल चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद कथित तौर पर छोड़ देने के मामले में बिलासपुर एसएसपी रजनेश सिंह ने सख्त कार्रवाई की है। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोनी थाना में पदस्थ एएसआई उमेश उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोनी थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रक और ट्रेलर जैसे भारी वाहनों से डीजल चोरी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को दबिश देकर गिरफ्तार किया था।
आरोप है कि गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों में से तीन आरोपी—बैसाखू, राजेश और राजू—को बाद में थाने से छोड़ दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया।
वीडियो वायरल होने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए एएसआई उमेश उपाध्याय को निलंबित कर दिया है। पुलिस विभाग द्वारा मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










