बिलासपुर में रफ्तार का कहर: बेकाबू कार ने स्कूटी सवार छात्र को मारी टक्कर, मिनी बस से भिड़ी; छात्र की मौत

0

बिलासपुर CG DUSTAK 

CCTV में कैद हुआ हादसा, टक्कर के बाद कार सवार मौके से फरार; नाबालिग के वाहन चलाने की आशंका

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। वेयर हाउस रोड पर रविवार सुबह एक बेकाबू कार ने स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छात्र करीब 10 फीट उछलकर सड़क पर जा गिरा। इसके बाद अनियंत्रित कार सामने से आ रही स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी। हादसे में छात्र की मौत हो गई। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे कार क्रमांक CG 10 BJ 7752 तेज रफ्तार से वेयर हाउस रोड की ओर जा रही थी। संजीवनी अस्पताल के सामने चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक छात्र की पहचान रुद्र प्रताप शर्मा (16) पिता मुकेश शर्मा, निवासी अभिषेक नगर, मंगला के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे अपोलो अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

मिनी बस भी हादसे की चपेट में

स्कूटी को टक्कर मारने के बाद चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने से गुजर रही स्कूल की मिनी बस क्रमांक CG 10 NB 8858 से जा टकराया। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बस में सवार लोगों को गंभीर चोट नहीं आई।

कार सवार मौके से फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया।

नाबालिग के वाहन चलाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय वाहन कोई नाबालिग चला रहा था। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here