
शहीद परिवारों का सम्मान, रक्तदान एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन; पुलिस और जनप्रतिनिधियों ने हरसंभव सहयोग का दिलाया भरोसा
राजनांदगांव CG DASTAK
राजनांदगांव। 12 जुलाई 2009 को कोरकोट्टी नक्सली हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक स्वर्गीय विनोद कुमार चौबे सहित 29 वीर पुलिस जवानों की पुण्य स्मृति में रविवार को जिला पुलिस राजनांदगांव द्वारा श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वीर शहीदों के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और सर्वोच्च बलिदान को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह शहीद स्व. विनोद कुमार चौबे की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद रक्षित केंद्र स्थित शहीद स्मारक एवं मंगल भवन में सभी शहीदों के छायाचित्रों पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
शहीद परिवारों का सम्मान, समस्याएं सुनीं
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने शहीद परिवारों का शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने परिवारों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि शहीदों का बलिदान सदैव समाज और पुलिस विभाग के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा तथा उनके परिवारों का सम्मान और सहयोग करना हम सभी का नैतिक दायित्व है।
रक्तदान कर दी अनूठी श्रद्धांजलि
शहीदों की स्मृति में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान 21 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर वीर शहीदों को अनूठी श्रद्धांजलि दी।
जनप्रतिनिधियों ने दिया सहयोग का भरोसा
कार्यक्रम में सांसद संतोष पांडे, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, पर्यटन मंडल अध्यक्ष नीलू शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने शहीद परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर कलेक्टर जितेंद्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर, डीएसपी किरण चौधरी सहित जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, शहीद परिवारों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने वीर शहीदों के त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।










