एसपी अंकिता शर्मा ने किया डोंगरगढ़ थाने का औचक निरीक्षण, लंबित मामलों के जल्द निराकरण के दिए निर्देश

0

राजनांदगांव CG DASTAK 

फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, महिला अपराधों में संवेदनशील कार्रवाई और सड़क सुरक्षा पर विशेष जोर

राजनांदगांव। पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने शनिवार को थाना डोंगरगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण कर थाना परिसर एवं विभिन्न अभिलेखों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित अपराधों के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा यातायात सुरक्षा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना परिसर, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कक्ष, शस्त्रागार, अपराध एवं शिकायत रजिस्टर, मर्ग, गुम इंसान प्रकरण, समन-वारंट सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का सूक्ष्म निरीक्षण किया।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को लंबित अपराध एवं शिकायतों का त्वरित निराकरण करने, गंभीर मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने तथा फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके साथ ही महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशील एवं प्रभावी कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया।

सड़क सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश

जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने, शराब पीकर वाहन चलाने वालों तथा तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा।

इसके अलावा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटना होने पर घायलों को गोल्डन आवर के भीतर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष बल दिया गया।

साफ-सफाई और जनसुनवाई पर जोर

एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, शासकीय संपत्तियों के बेहतर रखरखाव तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों में अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही जनसुनवाई को प्राथमिकता देने और आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने पर भी जोर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here