
CG DASTAK
रेत कारोबारियों के वर्चस्व की जंग में हुई थी तीन लोगों की हत्या, पुलिस ने 12 आरोपियों को किया गिरफ्तार, अब सीबीआई खंगालेगी पूरे मामले की परतें।

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के नौगई में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने अपने हाथ में ले ली है। मामले की गंभीरता और मृतकों के परिजनों की मांग को देखते हुए राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की अनुशंसा की थी।
जानकारी के मुताबिक, सीबीआई की 6 सदस्यीय टीम कोरिया पहुंच चुकी है और मामले से जुड़े दस्तावेजों एवं साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी गई है। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने केस डायरी, जब्ती दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण रिकॉर्ड सीबीआई टीम को सौंप दिए हैं। माना जा रहा है कि टीम जल्द ही घटनास्थल का निरीक्षण भी करेगी।
गौरतलब है कि नौगई में रेत कारोबारियों के बीच वर्चस्व की लड़ाई खूनी संघर्ष में बदल गई थी, जिसमें तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई थी। इस घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था और कानून व्यवस्था पर कई सवाल खड़े किए थे।
मामले में अब तक पुलिस 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। हालांकि, विपक्ष लगातार इस मामले में बड़े लोगों की संलिप्तता का आरोप लगाता रहा है। कांग्रेस ने भी इस मुद्दे को लेकर सरकार और पुलिस प्रशासन को घेरते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी।
अब सीबीआई की एंट्री के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि इस बहुचर्चित हत्याकांड से जुड़े हर पहलू की गहराई से जांच होगी और यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।










