3 दिन से लापता 9वीं के छात्र का खेत में दफन मिला शव, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी

0

सक्ती। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के अड़भार थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। तीन दिनों से लापता 9वीं कक्षा के छात्र का शव खेत में दफन अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान कपिल कुमार केवट के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, कपिल कुमार केवट पिछले तीन दिनों से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि क्षेत्र के एक खेत में किसी का शव दफन किया गया है।

सूचना मिलते ही अड़भार पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। खेत की खुदाई कर जब शव बाहर निकाला गया, तो उसकी पहचान लापता छात्र कपिल कुमार केवट के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया। पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here