रायपुर में रोड रेज का खौफनाक मामला: पत्नी के सामने कारोबारी पर चाकू से हमला, 3 आरोपी गिरफ्तार

0

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर में रोड रेज का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली विवाद ने उस समय हिंसक रूप ले लिया जब चार युवकों ने एक कारोबारी पर उसकी पत्नी के सामने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में कारोबारी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, रोहिणीपुरम निवासी जानवी लालवानी ने डीडी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 9 जुलाई की शाम उनके पति पवन कुमार लालवानी अपने गोदाम जा रहे थे। इसी दौरान लाखे नगर-रायपुरा मार्ग स्थित सुंदर नगर के पास दो बाइक पर सवार चार युवकों ने उन्हें रोक लिया।

आरोप है कि युवकों ने पहले लापरवाही से वाहन चलाने को लेकर विवाद शुरू किया और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और एक युवक ने धारदार हथियार से पवन लालवानी के सीने पर हमला कर दिया। बचाव करने के दौरान उनके घुटने के पास भी वार किया गया।

वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की।

जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों विजय सोनी उर्फ ढोलू (18), लोकेश बघेल उर्फ लक्कू (20) और भागवत सोनी उर्फ भागो (20) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर बाइक भी जब्त कर ली है।

पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। चौथे फरार आरोपी की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here