
रायपुर। राजधानी रायपुर में आदतन अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। इसी कड़ी में टिकरापारा थाना क्षेत्र के कुख्यात बदमाश राजकुमार उर्फ चेतन साहू (30) को तीन महीने के लिए जिला बदर कर दिया गया है। आरोपी के खिलाफ लूट, नकबजनी, मारपीट, जान से मारने की धमकी, आर्म्स एक्ट, जुआ अधिनियम और आबकारी अधिनियम समेत कुल 18 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, राजकुमार उर्फ चेतन साहू मूल रूप से दुर्ग जिले के संतोषी नगर का रहने वाला है और वर्ष 2010 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। कई बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई किए जाने के बावजूद उसके व्यवहार में सुधार नहीं आया।
पश्चिम क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त की रिपोर्ट के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की गई। इसके बाद पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम, 1990 की धारा 5(ख) के तहत आदेश जारी करते हुए आरोपी को तीन महीने के लिए रायपुर, दुर्ग, धमतरी, महासमुंद, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिलों की सीमा से बाहर रहने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए आदतन अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












