45 डिग्री गर्मी में सड़क पर उतरी ABVP: आत्मानंद स्कूल नकल कांड को लेकर 2 घंटे उग्र प्रदर्शन, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

0
36

कसडोल। CG DASTAK

कसडोल स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में ओपन बोर्ड परीक्षा के दौरान नकल कांड को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने उग्र प्रदर्शन किया। 10वीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा कथित तौर पर शिक्षकों के संरक्षण में खुलेआम नकल किए जाने और उसका वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों और संगठन में भारी आक्रोश देखा गया।

45 डिग्री तापमान में 2 घंटे तक प्रदर्शन

भीषण गर्मी और करीब 45 डिग्री तापमान के बीच ABVP कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। संगठन के कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन और दोषी शिक्षकों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। करीब 2 घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान प्रशासन और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस भी हुई।

BEO के आश्वासन के बाद सौंपा ज्ञापन

आंदोलन की बढ़ती उग्रता को देखते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) ने हस्तक्षेप किया। BEO ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी शिक्षकों व संबंधित अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद आंदोलन शांत हुआ। इसके पश्चात ABVP कार्यकर्ताओं ने जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के नाम ज्ञापन सौंपा।

“विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं”

आंदोलन का नेतृत्व कर रहे ABVP जिला संयोजक मलय साहू ने कहा कि आत्मानंद जैसे प्रतिष्ठित विद्यालय में शिक्षकों के संरक्षण में नकल होना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने कहा कि यह मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द दोषियों को निलंबित कर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो ABVP जिला स्तरीय उग्र आंदोलन करेगी।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला संयोजक मलय साहू, एस.के. चिलक, प्रभात तिलक, गौतम साहू, मयंक साहू, अमित केसरी, नंदन निर्मलकर, प्रमोद साहू, अनुज, आकाश, जयंत, उज्जवल दीवान, निखिल साहू, नवीन साहू, सुधांशु साहू, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में ABVP कार्यकर्ता और छात्र मौजूद रहे।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here