सरगुजा में दर्दनाक सड़क हादसे: अलग-अलग दुर्घटनाओं में 4 की मौत, तीन युवकों समेत महिला ने गंवाई जान

0

मैनपाट में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, NH-43 पर ट्रक की टक्कर से महिला की जान गई

अंबिकापुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में शुक्रवार रात अलग-अलग सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पहली घटना मैनपाट क्षेत्र में हुई, जहां दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई। वहीं दूसरी घटना नेशनल हाईवे-43 पर हुई, जहां अज्ञात ट्रक की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई।

मैनपाट में दो बाइकों की भिड़ंत, तीन युवकों की मौत

जानकारी के अनुसार, कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र के नर्मदापुर-बिजलझवा मुख्य मार्ग पर शुक्रवार रात करीब 8 बजे दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार सड़क पर उछलकर गिर पड़े।

इस दुर्घटना में लुंड्रा निवासी अर्जुन लोहार (23) और सीतापुर क्षेत्र निवासी गुड्डू राम (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल विफल कुमार मांझी (21) को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।

परिजनों के मुताबिक, विफल कुमार अपने दोस्त गुड्डू राम के साथ मैनपाट घूमने गया था और लौटते समय हादसे का शिकार हो गया। वहीं अर्जुन लोहार अपनी ससुराल नर्मदापुर जा रहा था। पुलिस की शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।

हाईवे पर ट्रक ने दंपती को मारी टक्कर

दूसरी घटना नेशनल हाईवे-43 पर सेदम बाजार के पास हुई। यहां पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी।

हादसे में देवरी निवासी रीता एक्का (48) की मौत हो गई, जबकि उनके पति सुखन एक्का गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों सीतापुर से अपने घर लौट रहे थे। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वहीं हाईवे हादसे में फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here