
CG DASTAK
ब्रह्मपारा में घर पर दबिश देकर 28 नशीले इंजेक्शन जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत भेजी गई जेल
अंबिकापुर। सरगुजा आबकारी विभाग ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्रह्मपारा निवासी और ब्राउन शुगर तस्करी के मामले की पूर्व आरोपी आशा पांडेय को 28 नग नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई 2026 को संभागीय आबकारी उड़नदस्ता, सरगुजा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ब्रह्मपारा क्षेत्र में नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने आशा पांडेय के घर पर दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान आरोपी ने एक थैला फेंककर साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर मौजूद महिला सैनिक राजकुमारी सिंह ने तत्काल उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान थैले से 19 नग REXOGESIC इंजेक्शन एवं 9 नग AVIL इंजेक्शन बरामद किए गए।
आबकारी विभाग ने सभी नशीले इंजेक्शनों को जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत अपराध दर्ज किया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आशा पांडेय पहले भी ब्राउन शुगर तस्करी के मामले में जेल जा चुकी है और पिछले कुछ समय से नशीले इंजेक्शनों की अवैध बिक्री में संलिप्त थी।
इस कार्रवाई में महिला सैनिक राजकुमारी सिंह, नगर सैनिक रणविजय सिंह एवं रोहित सोनवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।










