लिव-इन पार्टनर ने बीएड छात्रा की गला दबाकर की हत्या: मारपीट के बाद मेकाहारा छोड़कर हुआ फरार, आरोपी गिरफ्तार

0

रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र की घटना, मृतका कांकेर की रहने वाली थी; आरोपी को था अफेयर का शक।

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही एक बीएड छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि लिव-इन पार्टनर ने पहले छात्रा के साथ मारपीट की, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी युवती को मेकाहारा (अंबेडकर अस्पताल) लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

मृतका की पहचान भारती नेताम, निवासी ग्राम कोकेपुर (जिला कांकेर) के रूप में हुई है। वह रायपुर के विकास महाविद्यालय में बीएड की पढ़ाई कर रही थी और पिछले छह-सात महीने से बोरियाकला में सांवत बघेल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। मामला मुजगहन थाना क्षेत्र का है।

 

अफेयर के शक में हुई वारदात

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी को शक था कि भारती का किसी अन्य युवक से संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने पहले मारपीट की और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

परिजनों के अनुसार, 4 अगस्त की रात भारती ने अपनी बहन को फोन कर बताया था कि आरोपी उसके साथ मारपीट कर रहा है और वह गांव लौटना चाहती है। बहन ने उसकी मदद के लिए ऑनलाइन 3 हजार रुपये भी भेजे थे, लेकिन उससे पहले ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दे दिया।

शरीर पर मिले चोट के निशान

5 अगस्त को परिजन जब मेकाहारा पहुंचे तो उन्होंने भारती के चेहरे, आंख के पास, कनपटी, गर्दन और ठोड़ी पर चोट व खरोंच के निशान देखे। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

आरोपी हिरासत में

मुजगहन थाना पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी सांवत बघेल को हिरासत में ले लिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है। वहीं, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घरेलू हिंसा या किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में समय रहते पुलिस या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here