
माँ समलेई एवं माँ रामचंडी की पूजा-अर्चना से हुआ शुभारंभ, खेल प्रतियोगिताओं में विजेताओं को किया गया सम्मानित।

रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर में महिलाओं ने सम्बलपुरी दिवस बड़े उत्साह, उमंग और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ समलेई एवं माँ रामचंडी की विधिवत पूजा-अर्चना से हुआ। इसके बाद सभी प्रतिभागियों ने अपना परिचय दिया और सम्बलपुरी संस्कृति की समृद्ध परंपरा को विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने सम्बलपुरी लोकनृत्य, भजन एवं सांस्कृतिक गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। आयोजन में मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

खेल प्रतियोगिताओं में श्रीमती रीति भोई, श्रीमती सीमा पंडा, श्रीमती पल्लवी प्रधान, श्रीमती मंजू प्रधान, प्रज्ञा पंडा एवं श्रीमती अनुपमा प्रधान विजेता रहीं, जिन्हें आयोजन समिति द्वारा सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती रीति भोई एवं श्रीमती गायत्री साहू ने किया, जबकि पूजा-अर्चना का दायित्व श्रीमती रीना साहू ने निभाया।

आयोजन के अंत में सभी महिलाओं ने सम्बलपुरी संस्कृति, भाषा और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेते हुए प्रत्येक वर्ष इसी उत्साह के साथ सम्बलपुरी दिवस मनाने का निर्णय लिया। उपस्थित महिलाओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।










