रायपुर में सनसनी: जीजा ने दो सालियों पर बरसाई गोलियां, एक की मौत, दूसरी गंभीर

0
179

रायपुर। CG DASTAK

राजधानी रायपुर के मोवा-पंडरी इलाके में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली गोलीबारी की घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अपनी दो सालियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल है।

माथे पर गोली लगने से युवती की मौत

मृतक युवती की पहचान गीतांजलि के रूप में हुई है। वहीं दूसरी घायल युवती दुर्गेश्वरी बताई जा रही है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार आरोपी ने गीतांजलि के माथे पर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पत्नी से विवाद के बाद हुई वारदात

बताया जा रहा है कि आरोपी जितेंद्र वर्मा का अपनी पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपी गुस्से में आ गया और उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर घर में मौजूद दोनों सालियों पर फायरिंग कर दी।
गोली लगते ही दोनों युवतियां गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। परिवार और स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया।

मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस और पुलिस कमिश्नरेट की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र वर्मा को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली गई है।

डीसीपी ने दी जानकारी

डीसीपी नॉर्थ जोन मयंक गुर्जर ने बताया कि मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा हुआ है। आरोपी और उसकी पत्नी के बीच विवाद के बाद यह घटना हुई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
इस घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here