
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से हुए विवाद के बाद आत्महत्या की कोशिश की, लेकिन समय रहते पुलिस की फुर्ती और लोगों की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई। अब युवक सुरक्षित है और परिजनों के हवाले कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, तेलीबांधा क्षेत्र का रहने वाला युवक कुछ दिनों से अपनी गर्लफ्रेंड से चल रहे रिश्ते के तनाव में था। सोमवार (27 अक्टूबर) सुबह करीब 11:50 बजे दोनों के बीच फोन पर बहस हुई, जिसके बाद गुस्से में युवक ने मोबाइल बंद किया और मंदिर हसौद–परसदा रोड की ओर निकल गया।
रेडियम ब्रिज के पास उसने अपनी स्कूटी खड़ी कर दी और रेलवे ट्रैक पर जाकर खड़ा हो गया, ताकि गुजरती ट्रेन के सामने कूद सके। उसी समय आसपास मौजूद लोगों ने उसकी हरकत देख ली और तुरंत सीएसपी माना लंबोदर पटेल एवं थाना प्रभारी को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित हटाकर थाने ले आई।
पूछताछ में युवक ने बताया कि गर्लफ्रेंड से झगड़े के कारण वह मानसिक तनाव में था और जिंदगी खत्म करने की सोच रहा था। पुलिस ने उसे समझाइश देकर परामर्श कराया और परिजनों के सुपुर्द किया।
पुलिस अधिकारियों ने अपील की है — “किसी भी विवाद या तनाव की स्थिति में ऐसा कदम न उठाएं। परिवार और दोस्तों से बात करें, मदद लें — जिंदगी सबसे कीमती है।”










