
रायपुर। CG DASTAK
थाने में पुलिसकर्मियों ने केक काटकर मनाया बच्चे का पहला जन्मदिन, भावुक कर देने वाली पहल आई सामने
रायपुर। राजधानी रायपुर में पारिवारिक विवाद के बीच एक पिता अपने एक साल के बेटे को लेकर चला गया। बच्चे को वापस नहीं मिलने और उसकी जानकारी नहीं मिलने से परेशान मां ने पुलिस से मदद मांगी। शिकायत मिलते ही पंडरी थाना पुलिस ने बच्चे की तलाश शुरू की और महज ढाई घंटे के भीतर उसे सकुशल बरामद कर मां के सुपुर्द कर दिया।

इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक पहलू यह रहा कि जिस दिन बच्चा अपनी मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन भी था। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने थाने में केक काटकर उसका जन्मदिन मनाया और परिवार के साथ खुशियां साझा कीं।
2022 में हुई थी शादी, कई महीनों से अलग रह रहे थे दंपती
पुलिस के मुताबिक, 26 वर्षीय प्रिया पांडेय की शादी वर्ष 2022 में लाकेश सिंह बंजारे से हुई थी। पारिवारिक विवाद के चलते दोनों पिछले 7-8 महीनों से अलग रह रहे थे।
मंगलवार सुबह करीब 11 बजे लाकेश सिंह सिवनी स्थित अपनी पत्नी के घर पहुंचा। यहां दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इस दौरान लाकेश ने गाली-गलौज की और पत्नी के साथ मारपीट भी की।
बच्चे को साथ ले जाने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद के बाद शाम करीब 5 बजे आरोपी ने एक साल के बच्चे को जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश की। इस दौरान पड़ोस में रहने वाली रूबी प्रिया मानिकपुरी ने बच्चे को अपने घर ले जाकर सुरक्षित रखा।
इसके बाद प्रिया शिकायत दर्ज कराने पंडरी थाने पहुंची। इसी दौरान शाम करीब 6 बजे लाकेश वहां पहुंचा और बच्चे के साथ पत्नी का मोबाइल फोन भी लेकर चला गया।
मां ने बच्चे को वापस दिलाने की मांग की, लेकिन वह इसके लिए तैयार नहीं हुआ। बच्चे के बारे में कोई जानकारी नहीं मिलने पर मां ने पुलिस से मदद मांगी।
पुलिस ने ढाई घंटे में खोज निकाला बच्चा
बच्चे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पंडरी थाना पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की। थाना प्रभारी निरीक्षक परेश पांडेय की टीम ने अलग-अलग स्तर पर प्रयास किए। पुलिस की सक्रियता के चलते महज ढाई घंटे में बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया और मां के सुपुर्द कर दिया गया।
थाने में मनाया गया मासूम का पहला जन्मदिन
इस घटना में एक भावुक संयोग भी सामने आया। जिस दिन बच्चा मां से बिछड़ा, उसी दिन उसका पहला जन्मदिन था। बच्चे के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने थाने में केक मंगवाया और उसका पहला जन्मदिन मनाया।
पुलिसकर्मियों ने बच्चे के साथ खुशियां साझा कीं। इस पहल की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए हैं, जिन्हें लोग सराह रहे हैं।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज
प्रिया की शिकायत पर पुलिस ने लाकेश सिंह बंजारे (28), निवासी बगदेही पारा, तरी रोड, गोबरानवापारा के खिलाफ अपराध क्रमांक 380/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 115(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
बच्चे की सकुशल बरामदगी के बाद मां ने राहत की सांस ली। इस पूरे मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ थाने में बच्चे का जन्मदिन मनाने की पहल भी चर्चा का विषय बनी हुई है।









