
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर इलाके में पत्नी के साथ टहल रहे एक युवक से मोबाइल फोन झपटकर भागने का मामला सामने आया है। घटना 7 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे अनंत ज्वेलर्स के सामने हुई। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित मोहम्मद फारुख चांगल ने टिकरापारा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ टहलने निकले थे। इसी दौरान स्कूटी सवार दो युवक पीछे से आए और उनके हाथ से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए।
CCTV फुटेज से मिला सुराग
शिकायत मिलने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दोपहिया वाहन के संबंध में भी जानकारी जुटाई।
जांच के दौरान पुलिस ने शेख तोहीद (20), निवासी बैजनाथपारा, कोतवाली क्षेत्र, को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर मोबाइल झपटने की बात स्वीकार की।
मोबाइल और स्कूटी जब्त
पुलिस ने आरोपी के पास से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। दोनों की कुल कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
मामले में दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात में कौन-कौन शामिल था और फरार आरोपी कहां है।
छत्तीसगढ़ की ताजा खबरों के लिए पढ़ें: https://www.cgdastak.com









