
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर के आश्रम तिराहा स्थित जिओन बार एंड रेस्टोरेंट में छत्तीसगढ़ी गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि बार कर्मचारी और ग्राहक पक्ष के बीच मारपीट की नौबत आ गई। दोनों पक्षों ने आजाद चौक थाना में एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों शिकायतों के आधार पर FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छत्तीसगढ़ी गाना बजाने को लेकर शुरू हुआ विवाद
शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर की रात करीब 11:30 बजे ग्राहक योगेश चिचोलकर (32) अपने साथी तरुण दास और घनश्याम के साथ बार में गए थे। आरोप है कि छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की बात पर उनका बार कर्मचारियों से विवाद हो गया।

ग्राहक पक्ष का आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और हाथ-मुक्कों के साथ बैट-बल्ले से मारपीट की गई। योगेश ने चेहरे, गर्दन, पीठ और दाएं पैर में चोट लगने की बात कही है। उनके साथियों को भी चोट आने का आरोप है।
वेटर ने भी ग्राहक पक्ष पर लगाए आरोप
वहीं, बार के वेटर दीपक मिश्रा (20) ने भी शिकायत दर्ज कराई है। उसके मुताबिक, योगेश, तरुण दास और घनश्याम छत्तीसगढ़ी गाना बजाने की मांग कर रहे थे। मना करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज शुरू कर दी गई।
वेटर का आरोप है कि विरोध करने पर ग्राहक पक्ष ने जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसके चेहरे पर चोट आई। शिकायत में बार मैनेजर उदय सिंह, वेटर बबलू सिंह और अन्य लोगों के बीच-बचाव करने का भी उल्लेख है।
दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज
आजाद चौक थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(2) के तहत मामले दर्ज किए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, ग्राहक की शिकायत पर 26 अक्टूबर को रात 2:41 बजे और बार कर्मचारी की शिकायत पर रात 3:13 बजे केस दर्ज किया गया।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है। घटना में किसकी क्या भूमिका रही, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।
CG Dastak — हर खबर, सीधा सच!
पूरी खबर पढ़ें: https://www.cgdastak.com









