रायपुर में नो-एंट्री तोड़ने वाले 7 भारी वाहन पकड़े, नो-पार्किंग पर भी कार्रवाई

0

रायपुर। CG DASTAK 

तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका क्षेत्र में ट्रैफिक पुलिस का अभियान, चालकों पर चालानी कार्रवाई; क्रेन-टोइंग से हटाए गए सड़क किनारे खड़े वाहन

रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका क्षेत्र में प्रतिबंधित समय में शहर के भीतर प्रवेश करने वाले 7 भारी मालवाहक वाहनों को पकड़ा गया। वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई और उन्हें नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।

चोरी-छिपे शहर में प्रवेश कर रहे थे भारी वाहन

यातायात पुलिस के मुताबिक शहर में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश के लिए निर्धारित समय और मार्ग तय हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक प्रतिबंधित समय में मुख्य मार्गों और अंदरूनी इलाकों से शहर में प्रवेश कर रहे थे। इससे कई स्थानों पर यातायात का दबाव बढ़ने के साथ जाम और सड़क सुरक्षा की समस्या पैदा हो रही थी।

इसी को देखते हुए पुलिस ने तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका क्षेत्र में जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले 7 भारी वाहनों को पकड़ा गया और उनके चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

नो-पार्किंग में खड़े वाहनों पर भी शिकंजा

अभियान सिर्फ नो-एंट्री तक सीमित नहीं रहा। पुलिस ने प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों और मुख्य सड़कों पर नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

सड़क और फुटपाथ पर बेतरतीब तरीके से खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को क्रेन और टोइंग वाहनों की मदद से हटाकर यातायात थाना परिसर भेजा गया। वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी लगाया गया।

रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक भारी वाहनों को प्रवेश

यातायात पुलिस के अनुसार रायपुर शहर के अंदरूनी हिस्सों और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश का समय निर्धारित है। भारी वाहनों को रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ही शहर के अंदर प्रवेश की अनुमति है। इसके अलावा अन्य समय में इन वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित है।

पुलिस अब नो-एंट्री और नो-पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वालों पर CCTV कैमरों और फील्ड टीमों के जरिए निगरानी रख रही है। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील मार्गों पर जांच अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।

यातायात पुलिस ने भारी वाहन चालकों, ट्रांसपोर्टरों और वाहन मालिकों से निर्धारित समय का पालन करने की अपील की है। वहीं आम लोगों और कारोबारियों से भी वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़ा करने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here