
रायपुर। CG DASTAK
25 जुलाई को निकलेगी बाइक रैली, 26 जुलाई को शहीद परिवारों और कारगिल योद्धाओं का होगा सम्मान
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद जिला इकाई रायपुर द्वारा 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करना, युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना और उन्हें राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत 25 जुलाई को शाम 4:30 बजे आकाशवाणी चौक में वीर चक्र से सम्मानित शहीद कौशल यादव की श्रद्धांजलि सभा से होगी। इसके बाद आकाशवाणी चौक से कलेक्ट्रेट चौक, मोती बाग, कालिबाड़ी, सिद्धार्थ चौक, संतोषी नगर और बोरियाखुर्द होते हुए मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल तक भव्य बाइक रैली निकाली जाएगी।
26 जुलाई को मां दुर्गा मंदिर परिसर, कांदुल स्थित निशुल्क सैन्य प्रशिक्षण ग्राउंड में मुख्य समारोह आयोजित होगा। इस दौरान छत्तीसगढ़ के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी तथा शहीद परिवारों और कारगिल योद्धाओं का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और कविता पाठ भी होंगे।
अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद के प्रांतीय सचिव योगेश साहू ने पूर्व सैनिकों, उनके परिवारों, गणमान्य नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से दोनों दिन आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होकर कारगिल के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।










