
रायगढ़। CG DASTAK
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोयला परिवहन के दौरान कथित हेराफेरी का मामला सामने आया है। जामपाली कोयला खदान से अकालतरा प्लांट के लिए निकला 24.620 मीट्रिक टन कोयला निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंचा। आरोप है कि ट्रक चालक ने कोयले को रास्ते में ईंट भट्ठों में बेच दिया। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक को बिहार के रोहतास जिले से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता बोईरदादर निवासी विवेक पाण्डेय ने 8 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह राज ट्रांसपोर्ट के माध्यम से रायगढ़ के तिमरापुर क्षेत्र में कोयला परिवहन का काम करते हैं।
जामपाली खदान से अकालतरा के लिए निकला था कोयला
जानकारी के अनुसार, जनवरी में जामपाली कोयला खदान से अकालतरा प्लांट तक कोयला पहुंचाने का सौदा तय हुआ था। इसके लिए बिहार के रोहतास जिले के अमरथा निवासी लल्लन कुमार प्रसाद (57) को ट्रक से कोयला ले जाने की जिम्मेदारी दी गई थी। परिवहन की दर 700 रुपये प्रति टन तय होने की जानकारी सामने आई है।
इसके बाद ट्रक में जी-10 ग्रेड का 24.620 मीट्रिक टन कोयला लोड कर अकालतरा प्लांट के लिए रवाना किया गया। लेकिन ट्रक निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचा। चालक से संपर्क करने की कोशिश की गई तो शुरुआत में उसने फोन नहीं उठाया।
करीब 10 दिन बाद चालक ने कथित तौर पर फोन कर बताया कि कोयला दूसरी जगह बेच दिया गया है। शिकायत के अनुसार, उसने यह भी कहा कि जो करना है, कर लो। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
करीब 1.50 लाख रुपये के कोयले की हेराफेरी का आरोप
शिकायत के मुताबिक, ट्रक में लदे कोयले की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अमानत में खयानत और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता और गवाहों के बयान दर्ज किए। आरोपी के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी तलाश की गई। जानकारी मिलने पर पुलिस टीम बिहार के रोहतास जिले पहुंची और स्थानीय स्तर पर घेराबंदी कर आरोपी लल्लन कुमार प्रसाद को हिरासत में लिया।
पूछताछ में ईंट भट्ठों में कोयला बेचने की बात
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर कोयले को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में ईंट बनाने वाले भट्ठों में बेचने की बात स्वीकार की। कार्रवाई के दौरान करीब 10 लाख रुपये कीमत का ट्रक जब्त किए जाने की जानकारी भी दी गई है।
आरोपी को बिहार में न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद उसे रायगढ़ लाया गया। आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आर्थिक अपराध करने वालों पर होगी कार्रवाई: एसएसपी
एसएसपी शशि मोहन सिंह के मुताबिक, आर्थिक अपराध, धोखाधड़ी और अमानत में खयानत के मामलों में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दूसरे राज्यों में छिपे आरोपियों की तलाश कर ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रखेगी।
पत्रकार अशोक कुमार, MCB









