
मां शिवा प्लांट में झुलसे श्रमिकों का रायपुर में चल रहा था इलाज, तीन अन्य की हालत गंभीर
रायगढ़। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले स्थित मां शिवा प्लांट में हुए हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दो श्रमिकों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों की पहचान प्रमोद सोनी और चौखट सिंह के रूप में हुई है। दोनों को चार दिन पहले बेहतर इलाज के लिए रायगढ़ के ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया था।
जानकारी के अनुसार, रायपुर के अस्पताल में उपचार के दौरान दोनों श्रमिकों ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद से दोनों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी।
वहीं, हादसे में घायल अन्य तीन श्रमिक गुड्डू कुमार, चतुर यादव और शनिराम राठिया का इलाज अभी भी ओपी जिंदल फोर्टिस अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के कारणों की जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है। घटना के बाद प्लांट की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।










