
भिलाई। CG DASTAK
भिलाई। दुर्ग जिले के भिलाई नगर थाना क्षेत्र में 32 बंगला चौक के पास 18 अक्टूबर की रात तेज रफ्तार पल्सर बाइक की टक्कर से 56 वर्षीय सब्जी विक्रेता बसंत पगारे की मौत हो गई। हादसे में उनके दो साथी विनोद सागर (36) और राजेंद्र ध्रुव (46) घायल हो गए। दुर्घटना में पल्सर बाइक सवार भी घायल हुआ। घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान बसंत पगारे ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

स्कूटी को बचाने की कोशिश में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 9 बजे की है। बसंत पगारे अपने मित्र विनोद सागर और राजेंद्र ध्रुव के साथ सीटी 100 बाइक (CG07 LB 9389) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक (CG07 BL 3209) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पल्सर सवार ने पहले एक स्कूटी को बचाने की कोशिश की। इसी दौरान उसकी बाइक सीटी 100 से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक क्षतिग्रस्त हो गईं। बसंत के सिर में गंभीर चोटें आईं।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद बसंत के बेटे भोला पगारे और उनके दोस्तों ने घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया। बसंत के दोनों घायल साथियों में से एक को आईसीयू में भर्ती कराया गया, जबकि दूसरे का उपचार जारी है। पल्सर बाइक सवार का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप- लोग वीडियो बनाते रहे
मृतक के बेटे के दोस्तों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो बसंत की हालत बेहद गंभीर थी। उनका आरोप है कि मौके पर मौजूद कई लोग वीडियो बनाने में व्यस्त थे और मदद के लिए आगे नहीं आए। बाद में दोस्तों ने ऑटो की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने सड़क हादसों के दौरान घायलों की तत्काल मदद करने की अपील की। उनका कहना है कि दुर्घटना के समय समय पर सहायता मिलने से किसी की जान बचाने में मदद मिल सकती है।
सब्जी बेचकर परिवार चलाते थे बसंत
बसंत पगारे सब्जी बेचकर अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनके परिवार में एक बेटा भोला पगारे और एक बेटी है। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा बनकर सामने आया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद भिलाई नगर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बसंत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों और पल्सर बाइक सवार की भूमिका की जांच कर रही है।
CG Dastak पर पढ़ें छत्तीसगढ़ की ताजा खबरें: www.cgdastak.com
नोट: हादसे की परिस्थितियों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों की जांच पुलिस कर रही है।









