
बिलासपुर। CG DASTAK
सरकंडा थाना क्षेत्र के संपदा कैंपस में वारदात, स्कूटी सवार आरोपी ने झपट्टा मारकर छीनी सोने की चेन; CCTV फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही तलाश
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली घटना सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित SECL के संपदा कैंपस में टहल रही एक महिला कर्मचारी के गले से स्कूटी सवार बदमाश ने सोने की चेन लूट ली। महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट भी की। घटना में महिला के गले और शरीर पर चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुमन सिंह संपदा कैंपस में रहती हैं और SECL में कार्यरत हैं। सोमवार रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद वह कैंपस परिसर में टहल रही थीं। बताया गया है कि आमतौर पर वह आसपास की महिलाओं के साथ टहलने जाती थीं, लेकिन घटना के दिन वह अकेली थीं।
रास्ता पूछने के बहाने रोका, फिर लूट ली चेन
इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक उनके पास पहुंचा। उसने महिला से बसंत के बारे में पूछते हुए रास्ता जानने की कोशिश की। महिला कुछ समझ पातीं, उससे पहले ही युवक ने उनके गले पर झपट्टा मारकर करीब दो तोले की सोने की चेन खींच ली।
महिला ने चेन बचाने के लिए विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ मारपीट की। झूमाझटकी के दौरान उनके गले और शरीर पर चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़िता से घटना के संबंध में जानकारी ली।
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश
पुलिस आसपास के रास्तों और कैंपस में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, फुटेज में एक संदिग्ध युवक और उसकी स्कूटी दिखाई देने की बात सामने आई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
कैंपस में सुरक्षा को लेकर उठे सवाल
रिहायशी परिसर में महिला कर्मचारी के साथ हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। रात के समय परिसर में घूम रही महिला को निशाना बनाकर चेन लूटने की घटना से स्थानीय लोगों में चिंता है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के संबंध में आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।









