
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना, पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
बिलासपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 9वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक, मगरपारा मरारगली निवासी मनोज कुमार पाण्डेय इलेक्ट्रिशियन का काम करते हैं। उनकी बेटी वंशिका पाण्डेय, जो अंबेडकर स्कूल में कक्षा 9वीं की छात्रा थी, का मोबाइल फोन खराब हो गया था। परिजनों के अनुसार, उसने अपने पिता से मोबाइल ठीक कराने की बात कही थी। पिता ने वेतन मिलने के बाद मोबाइल ठीक कराने का आश्वासन दिया और काम पर चले गए।
इसी दौरान घर में छात्रा अचेत अवस्था में मिली। परिजनों ने उसे तत्काल फंदे से नीचे उतारकर उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अपुष्ट जानकारी या अटकलें साझा न करें और जांच पूरी होने का इंतजार करें।










