बिलासपुर बाल सुधार गृह से 4 बाल अपचारी फरार, चौकीदार की हत्या कर हुए फरार

0

बिलासपुर CG DASTAK 

हाथ-पैर बांधकर गला दबाने का आरोप, हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में बंद थे आरोपी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्थित बाल सुधार गृह से चार बाल अपचारी चौकीदार की हत्या कर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11 बजे चार बाल अपचारियों ने पहले चौकीदार के साथ मारपीट की। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांध दिए और कथित रूप से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने चौकीदार के मुंह में गमछा भी ठूंस दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों मौके से फरार हो गए।

मृतक की पहचान नरेंद्र कुमार खांडे (40) निवासी अरईबंद, तखतपुर के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक वर्ष से बाल सुधार गृह में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे।

हत्या और दुष्कर्म के मामलों में बंद थे आरोपी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फरार बाल अपचारियों में से एक की उम्र 20 वर्ष पूरी हो चुकी थी और उसे जल्द ही सेंट्रल जेल भेजा जाना था। अन्य आरोपी हत्या और दुष्कर्म जैसे गंभीर मामलों में बाल सुधार गृह में रखे गए थे।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

फरार आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। हालांकि, हत्या के पीछे की वास्तविक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घटना के बाद बाल सुधार गृह की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। चौकीदार की हत्या के बाद चार बाल अपचारियों का फरार हो जाना सुरक्षा में बड़ी चूक माना जा रहा है। मृतक के परिजनों ने भी बाल सुधार गृह प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here