बिलासपुर के सब्जी बाजार में करेलों के ढेर से निकला कोबरा, युवक को डसा; मची अफरा-तफरी

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

नेहरू नगर साप्ताहिक बाजार की घटना, करेला छांट रहे युवक को सांप ने काटा; अस्पताल में भर्ती, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

खबर:

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के नेहरू नगर स्थित साप्ताहिक सब्जी बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करेलों के ढेर से अचानक एक कोबरा सांप निकल आया। इस दौरान करेला छांट रहे एक युवक को सांप ने डस लिया। घटना के बाद घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, सरकंडा क्षेत्र के बहतराई निवासी बिहारी साहू सब्जी खरीदने बाजार पहुंचे थे। इसी दौरान वह करेलों के ढेर से करेला छांट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तभी पास की झाड़ियों से निकला एक कोबरा करेलों के ढेर में छिप गया। जैसे ही युवक ने करेला उठाया, सांप फन फैलाकर बाहर निकला और उसके पैर में डस लिया।

घटना के बाद बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कोबरा निकलने की खबर फैलते ही लोग सब्जियां छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। सब्जी विक्रेताओं में भी दहशत का माहौल बन गया।

मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कोबरा करेलों के ढेर के बीच फन फैलाए दिखाई दे रहा है।

बारिश के मौसम में झाड़ियों और खेतों से सांपों के रिहायशी और बाजार क्षेत्रों में आने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में विशेषज्ञ लोगों से सतर्क रहने और किसी भी सांप के दिखाई देने पर उसे पकड़ने की कोशिश करने के बजाय तत्काल वन विभाग या स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना देने की सलाह देते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here