गरियाबंद में उफनते नाले ने ली जान: लोगों की चेतावनी के बावजूद पार करने उतरा ग्रामीण, 5 किमी दूर मिला शव

0

गरियाबंद। CG DASTAK 

फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सरगी नाला में तेज बहाव की चपेट में आया 55 वर्षीय ग्रामीण, एक घंटे की तलाश के बाद बरामद हुआ शव।

खबर:

गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच उफनते नाले को पार करने की कोशिश एक ग्रामीण के लिए जानलेवा साबित हुई। फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के सरगी नाला में तेज बहाव की चपेट में आने से 55 वर्षीय थनवार यादव की मौत हो गई। करीब एक घंटे की तलाश के बाद उनका शव घटनास्थल से लगभग 5 किलोमीटर दूर बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार, सहसपुर निवासी थनवार यादव मंगलवार सुबह अपने एक साथी के साथ धूर्सा गांव आए थे। सुबह करीब 7 बजे लगातार बारिश के कारण सरगी नाला का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। वापसी के दौरान साथी और आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तेज बहाव के कारण नाला पार नहीं करने की सलाह दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोगों के लगातार मना करने के बावजूद थनवार यादव नाला पार करने के लिए उतर गए। जैसे ही वे तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचे, पानी की तेज धारा उन्हें बहाकर ले गई। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने घटना का वीडियो भी बनाया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। तलाश अभियान शुरू किया गया और करीब एक घंटे बाद थनवार यादव का शव खूंटेरी गांव के पास, घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर मिला।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच की जा रही है।

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here