बलौदाबाजार में बड़ा सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर, 19 घायल, 4 की हालत गंभीर

0

बलौदाबाजार। CG DASTAK 

सकरी गांव के पास हुआ हादसा, घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने बेहतर इलाज के दिए निर्देश।

बलौदाबाजार। जिले के ग्राम सकरी के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रायपुर से गिधौरी जा रही रायल ट्रेवल्स की यात्री बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 19 यात्री घायल हो गए, जिनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस, 112 की टीम और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां पहले से तैयार चिकित्सकों की टीम ने तत्काल उपचार शुरू किया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अधिकांश यात्रियों के सिर और शरीर पर चोटें आई हैं, लेकिन सभी बड़े खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। गंभीर रूप से घायल चार लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा से फोन पर चर्चा कर घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए। वहीं नवपदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा भी जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

सिविल सर्जन डॉ. अशोक वर्मा ने बताया कि हादसे में कुल 19 लोग घायल हुए हैं। इनमें चार लोगों का उपचार जारी है, जबकि बाकी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

कोतवाली एएसआई सुनील खुंटे के अनुसार, दुर्घटना ग्राम सकरी स्थित आईटीआई के पास हुई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने प्रशासन से दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here