फर्जी नंबर प्लेट लगाकर 35 टन स्पंज आयरन की हेराफेरी, गाड़ी की किस्त जमा करने से खुला राज; 2 आरोपी गिरफ्तार

0

रायपुर CG DASTAK 

महाराष्ट्र भेजे जाने वाले लाखों के स्पंज आयरन को रास्ते में बेच दिया, ट्रक की पहचान छिपाने के लिए लगाई नकली नंबर प्लेट

रायपुर। राजधानी रायपुर में 35 टन 870 किलो स्पंज आयरन की हेराफेरी का बड़ा मामला सामने आया है। उरला थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने ट्रक में लोड स्पंज आयरन को महाराष्ट्र पहुंचाने के बजाय रास्ते में ही बेच दिया और ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की।

पुलिस के अनुसार, एक निजी कंपनी ने ट्रक क्रमांक CG 08 AT 3321 में करीब 7.07 लाख रुपये मूल्य का स्पंज आयरन महाराष्ट्र भेजा था। लेकिन चालक ने बीमारी समेत कई बहाने बनाकर माल को निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंचाया। इसके बाद चालक और वाहन मालिक से संपर्क टूट गया।

 

मामले की शिकायत मिलने पर उरला थाना पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग तब मिला, जब चोरी में इस्तेमाल ट्रक की फाइनेंस किस्त जमा किए जाने की जानकारी सामने आई।

पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देश पर गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर वाहन मालिक गुमान साहू और उसके साथी मोहम्मद मुख्तार को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने चालक रहीमान साहू के साथ मिलकर स्पंज आयरन को रास्ते में ही बेच दिया था। इसके बाद ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उसकी वास्तविक पहचान छिपा दी गई।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 50 हजार रुपये नकद, फर्जी नंबर प्लेट लगा ट्रक और अन्य सामान सहित करीब 15 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि मुख्य चालक रहीमान साहू समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here