
जगदलपुर। CG DASTAK
संयुक्त ऑपरेशन में भरमार राइफल, डेटोनेटर, जिलेटिन स्टिक और विस्फोटक सामग्री जब्त, सभी जवान सुरक्षित लौटे

जगदलपुर। तेलंगाना के मुलुगु जिले के वाजेडू थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को माओवादियों के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। खुफिया सूचना के आधार पर पामुनुरु गांव के उत्तर में स्थित कराईगुट्टा पहाड़ियों के घने जंगल में छिपाकर रखे गए माओवादी डंप को संयुक्त ऑपरेशन के दौरान बरामद किया गया।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे 39वीं बटालियन सीआरपीएफ, जिला पुलिस और बम निरोधक दस्ता (BDS) की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब तीन घंटे की तलाशी के बाद सुबह 8:30 बजे संदिग्ध स्थान पर माओवादियों द्वारा छिपाकर रखा गया डंप मिला।
सुरक्षा बलों ने मौके से 2 भरमार राइफल, 25 इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, जिलेटिन स्टिक, कॉर्डेक्स वायर, इलेक्ट्रिक वायर, 12 वोल्ट बैटरी सहित भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य माओवादी सामग्री बरामद की है।
अधिकारियों के अनुसार, बरामद विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया गया है। पूरे अभियान के दौरान सभी जवान सुरक्षित रहे और ऑपरेशन सफलतापूर्वक पूरा कर वापस लौट आए।
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि बरामद सामग्री का उपयोग माओवादी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने और बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के लिए कर सकते थे। इस कार्रवाई से नक्सलियों की गतिविधियों को बड़ा झटका लगा है।










