फरहदा गांव की 100 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन कब्जा मुक्त

0

रायपुर CG DASTAK 

22 साल बाद बच्चों को मिला खेल मैदान, मरघट और हाट-बाजार की जमीन भी हुई मुक्त

रायपुर। फरहदा गांव में वर्षों से दबंगों के कब्जे में रही 100 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को आखिरकार प्रशासन ने कब्जा मुक्त करा लिया है। इस कार्रवाई के बाद गांव के सरपंच और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए प्रशासन और मीडिया का आभार व्यक्त किया है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव के खेल मैदान, मरघट और हाट-बाजार की जमीन पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। कई बार प्रशासन से शिकायत और आवेदन देने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इसके कारण बच्चों के पास खेलने के लिए मैदान नहीं था और अंतिम संस्कार के लिए भी ग्रामीणों को तालाब की मेड़ का सहारा लेना पड़ता था।

मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आया और राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंची। अधिकारियों ने जमीन की नाप-जोख कर अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई शुरू की। अब तक 100 एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराया जा चुका है।

हालांकि लगातार बारिश के कारण फिलहाल अभियान को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि मौसम सामान्य होते ही शेष अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई भी पूरी की जाएगी।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब 22 वर्षों बाद गांव के बच्चों को खेल मैदान वापस मिला है। साथ ही अब अंतिम संस्कार के लिए मरघट की व्यवस्था उपलब्ध हो गई है। इसके अलावा सड़क पर लगने वाला हाट-बाजार भी अब अपनी निर्धारित जमीन पर संचालित किया जा सकेगा।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस कार्रवाई से गांव के सार्वजनिक संसाधन वापस मिले हैं और भविष्य में सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा नहीं होने दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here