
जशपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर एक अंधे हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की बहू समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद के चलते बहू ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर 70 वर्षीय ससुर की हत्या की साजिश रची थी।

घर में बंधे हाथ-पैर के साथ मिला था शव
जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को थाना दुलदुला क्षेत्र के ग्राम बोड़ाजोर निवासी 70 वर्षीय चुगरू प्रधान अपने घर में मृत अवस्था में मिले। उनके हाथ-पैर बंधे हुए थे और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
जांच में पता चला कि मृतक का अपनी बहू सुगंती बेसरा के साथ लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते उसने अपने तीन परिचितों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, 3 और 4 जुलाई की दरमियानी रात आरोपी मोटरसाइकिल से मृतक के घर पहुंचे। दरवाजा खुलवाने के बाद उन्होंने लकड़ी के फट्टे और मुक्कों से बुजुर्ग पर हमला किया। इसके बाद हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार तथा एसडीओपी जशपुर के मार्गदर्शन में थाना दुलदुला पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर की सूचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोपियों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लकड़ी का फट्टा, एक मोटरसाइकिल और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। बाद में सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
एसएसपी ने टीम की सराहना की
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस अपराधों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों का त्वरित और वैज्ञानिक तरीके से खुलासा करना पुलिस की प्राथमिकता है।
गिरफ्तार आरोपी
सुगंती बेसरा (36 वर्ष) – ग्राम बोड़ाजोर, थाना दुलदुला (मृतक की बहू एवं मुख्य साजिशकर्ता)
साहिल उर्फ राजा खान (22 वर्ष) – थाना दुलदुला
आनंद यादव (20 वर्ष) – ग्राम परसाटोली, थाना दुलदुला
रोहित सिंह (21 वर्ष) – ग्राम मधुटोली, थाना जशपुर









