
बिलासपुर। CG DASTAK
ऑपरेशन के बाद उचित इलाज नहीं मिलने और समय पर रेफर नहीं करने का आरोप, अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों को किया खारिज

बिलासपुर। शहर के गौरव पथ रिंग रोड क्रमांक-2 स्थित नोबल हॉस्पिटल में रविवार को एक मरीज की मौत के बाद जमकर हंगामा हो गया। मृतक के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। वहीं अस्पताल प्रबंधन ने सभी आरोपों से इनकार करते हुए उपचार को नियमानुसार बताया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम भिलौनी (काठाकोनी) निवासी अजय ताम्रकार (36 वर्ष), पिता मनहरण ताम्रकार, नगर निगम बिलासपुर में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे।
परिजनों के मुताबिक, 15 जुलाई को घर लौटते समय बाइक से गिरने के कारण उनके कंधे के पास गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद 16 जुलाई को उन्हें इलाज के लिए नोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया।
परिजनों का आरोप है कि जांच के बाद डॉक्टरों ने बताया कि कंधे की हड्डी टूट गई है और खून का थक्का जम गया है, जिसके कारण ऑपरेशन जरूरी है। उनका कहना है कि 17 जुलाई को ऑपरेशन किया गया, लेकिन इसके बाद मरीज की हालत लगातार बिगड़ती गई।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि अस्पताल प्रबंधन ने समय रहते मरीज को किसी बड़े अस्पताल में रेफर नहीं किया और ऑपरेशन के बाद उचित निगरानी एवं इलाज नहीं दिया गया, जिसके चलते अजय ताम्रकार की मौत हो गई।
मरीज की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
वहीं, अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों के सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मरीज का उपचार चिकित्सकीय मानकों के अनुसार किया गया था और इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती गई।

फिलहाल मामले को लेकर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और लापरवाही के आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










