
दुर्ग। CG DASTAK
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरी और झपटमारी की घटनाएं सामने आई हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 1 नवंबर को जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी और झपटमारी के सात मामले सामने आए। खुर्सीपार में दो महिलाओं को निशाना बनाकर बाइक सवार बदमाशों ने उनके पर्स छीन लिए। वहीं, सुपेला, पद्मनाभपुर और उतई थाना क्षेत्रों में बाइक, जेवर और तांबे का तार चोरी होने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। पुलिस मामलों की जांच कर रही है।
खुर्सीपार में दो महिलाओं से पर्स छीने
खुर्सीपार क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने दो महिलाओं के पर्स छीन लिए। दोनों घटनाओं में आरोपियों के एक जैसे तरीके से वारदात करने की आशंका जताई गई है। बताया गया है कि बदमाशों ने चेहरे ढक रखे थे और उनकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।
ड्यूटी पर जा रही महिला का पर्स झपटा
पहली घटना 1 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे की बताई गई है। भिलाई के सेक्टर-5 निवासी 42 वर्षीय प्रतिभा मुखर्जी अपनी ईवी स्कूटी से ड्यूटी पर रायपुर जा रही थीं। खुर्सीपार चौक के पास तुलसी ट्रेडर्स के सामने पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उनकी स्कूटी के आगे लटका पर्स झपट लिया और तेज रफ्तार से फरार हो गया।
पर्स में दो मोबाइल फोन, सोने की तीन चूड़ियां, चांदी की बिछिया, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये रखे थे। महिला के मुताबिक, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 60 हजार रुपये है। पर्स में स्कूटी की आरसी और मां के इलाज से जुड़े जरूरी कागजात भी थे।
अस्पताल जा रही महिला को बनाया निशाना
दूसरी घटना 30 अक्टूबर की दोपहर करीब 12:40 बजे डबरापारा खुर्सीपार ब्रिज पर हुई। नंदौरी गांव निवासी 30 वर्षीय विंध्या वर्मा स्कूटी से जिला अस्पताल दुर्ग जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने उनकी स्कूटी के पायदान पर लटका पर्स झपट लिया और यू-टर्न लेकर भिलाई-3 की ओर भाग गया।
पर्स में 5 हजार रुपये, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। पुलिस इन घटनाओं की जांच कर रही है।
सुपेला क्षेत्र में एक ही दिन चोरी के तीन मामले
सुपेला थाना क्षेत्र में भी चोरी की तीन घटनाएं सामने आई हैं। स्मृति नगर चौकी इलाके में एक सूने मकान को निशाना बनाया गया। जानकारी के अनुसार, परिवार 29 अक्टूबर को घर में ताला लगाकर रिश्तेदार के कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम केसला गया था।
31 अक्टूबर की दोपहर जब परिवार लौटा, तो मुख्य दरवाजे और कमरों के ताले टूटे मिले। अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ था। घर से सोने का मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की अंगूठियां, पायल, बिछिया, बाजूबंद और चांदी के 17 सिक्के चोरी हुए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।
सुपेला क्षेत्र में बाइक चोरी की दो अन्य घटनाएं भी दर्ज की गई हैं। एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की हीरो पैशन प्लस बाइक एचडीएफसी बैंक की सुपेला शाखा के सामने से चोरी हो गई। बाइक की कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
वहीं, नेहरू नगर वेस्ट स्थित विद्या विहार में किराये के मकान के बाहर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स बाइक भी चोरी हो गई। इसकी कीमत करीब 25 हजार रुपये बताई गई है।
पद्मनाभपुर में बाइक चोरी
पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में चौपड़ा पैलेस के पास पेट्रोल पंप के सामने काम करने आए एक युवक की बाइक चोरी हो गई। चोरी हुई बाइक यामदेव महार की हीरो एचएफ डीलक्स बताई गई है। इसकी कीमत करीब 20 हजार रुपये आंकी गई है।
उतई में 200 मीटर तांबे का तार चोरी
उतई थाना क्षेत्र के ग्राम धौराभाठा स्थित शिवगंगा पावर क्रेशर की खदान में लगे सबमर्सिबल पंप का करीब 200 मीटर तांबे का तार चोरी होने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, तार को आखिरी बार 31 अक्टूबर की शाम देखा गया था। अगले दिन सुबह जांच करने पर तार गायब मिला।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शिकायतों के आधार पर संबंधित मामलों में जांच शुरू कर दी है। खुर्सीपार में हुई झपटमारी की घटनाओं में बाइक सवार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।
लगातार सामने आई इन घटनाओं के बाद लोगों से अपील है कि सड़क पर चलते समय पर्स और कीमती सामान को सुरक्षित रखें। वाहन खड़ा करते समय लॉक लगाएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें।









