
सरगुजा। CG DASTAK
सीतापुर में ज्वेलरी कारोबारी की स्कूटी से सोना-चांदी से भरा बैग लेकर भागा युवक, पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी

सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के सीतापुर में दिनदहाड़े करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग चोरी होने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर निवासी अरुण देव सोनी की नेशनल हाईवे-43 किनारे काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के नाम से दुकान है। रविवार सुबह करीब 11:30 बजे वे घर से सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर दुकान पहुंचे। उन्होंने बैग को अपनी स्कूटी पर रखा और दुकान का ताला खोलने लगे। इसी दौरान एक युवक पीछे से आया और स्कूटी पर रखा बैग उठाकर मौके से फरार हो गया।
जब अरुण देव सोनी वापस स्कूटी के पास पहुंचे तो बैग गायब था। उन्होंने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद घटना की सूचना तत्काल सीतापुर थाना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक जेवरात से भरा बैग लेकर भागता हुआ दिखाई दिया है। फुटेज के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।
रेकी के बाद वारदात की आशंका
व्यवसायी अरुण देव सोनी ने आशंका जताई कि बदमाशों ने पहले उनकी रेकी की और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि वे रोज रात में जेवरात से भरा बैग घर ले जाते थे और सुबह उसी बैग को लेकर दुकान पहुंचते थे।
पुलिस क्या बोली?
सीतापुर एसडीओपी तुल सिंह पड़वची ने बताया कि घटना सुबह करीब 11:30 बजे की है। पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है और एक संदिग्ध की पहचान के प्रयास जारी हैं। वहीं, एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि वारदात में एक से अधिक आरोपियों की भूमिका तो नहीं है।










