
कोरिया कालरी। CG DASTAK
कोरिया कालरी के बाजारपारा में हादसा, दुकान क्षतिग्रस्त होने से आर्थिक संकट गहराया; प्रशासन से मदद की मांग।
कोरिया कालरी। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश का असर अब छोटे व्यापारियों पर भी पड़ने लगा है। कोरिया कालरी के बाजारपारा स्थित एक किराना दुकान की छत अचानक ढह गई, जिससे गरीब दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक अशोक गुप्ता अपनी छोटी सी किराना दुकान के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते हैं। लगातार बारिश के कारण दुकान की छत कमजोर हो गई थी, जो अचानक भरभराकर गिर पड़ी। घटना के समय दुकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हालांकि इस घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन दुकान के क्षतिग्रस्त होने से अशोक गुप्ता की आजीविका पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। दुकान में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति और अधिक प्रभावित हो सकती है
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राकृतिक आपदा से प्रभावित दुकानदार को शीघ्र आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वह दोबारा अपनी दुकान शुरू कर सके और परिवार का जीवनयापन सुचारु रूप से कर सके।

संवाददाता : अशोक कुमार, जिला एमसीबी (कोरिया)










