ड्रग्स दुश्मन देशों की साजिश’, PM मोदी ने लॉन्च किया ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान; 100 हफ्ते चलेगा देशव्यापी मिशन

0

1 करोड़ से अधिक युवाओं ने ली नशा मुक्त भारत की शपथ, 28 हजार से ज्यादा स्थानों पर हुआ आयोजन; 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य से जोड़ा अभियान

नई दिल्ली। CG DASTAK 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत में ड्रग्स की सप्लाई दुश्मन देशों की आतंकी साजिश का हिस्सा है और इसका उद्देश्य भारतीय युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलना है। उन्होंने देशवासियों से इस साजिश को मिलकर नाकाम करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा शारीरिक, मानसिक और सामाजिक रूप से स्वस्थ रहेगा। उन्होंने युवाओं से इस अभियान का नेतृत्व करने और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

100 सप्ताह तक चलेगा अभियान

पीएम मोदी ने बताया कि अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार देशभर में कला, संस्कृति, खेल और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया जाएगा। इस अभियान में युवाओं की भागीदारी को सबसे महत्वपूर्ण बताया गया है।

1 करोड़ से ज्यादा युवाओं ने ली शपथ

अभियान के तहत देशभर के 28 हजार से अधिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें 1 करोड़ से अधिक युवाओं ने ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ ली। कार्यक्रम में कई राज्यों के मुख्यमंत्री, राज्यपाल और पांच प्रमुख आध्यात्मिक गुरु भी वर्चुअली शामिल हुए।

नशा सपनों और परिवार दोनों को तोड़ देता है’

प्रधानमंत्री ने कहा कि ड्रग्स कुछ समय का नशा देता है, लेकिन पूरी जिंदगी, करियर और परिवार को बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की ताकत को कमजोर करता है।

ड्रग्स माफिया पर सख्त कार्रवाई जारी

पीएम मोदी ने कहा कि केंद्र सरकार ड्रग्स तस्करों और नशे के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। देशभर में बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए जा रहे हैं और तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।

जन आंदोलन बनाने पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस अभियान में 125 से अधिक आध्यात्मिक संगठन, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, सामाजिक संस्थाएं और उद्योग संगठन शामिल हैं। सरकार का लक्ष्य नशा मुक्ति को जन आंदोलन बनाकर देश के युवाओं को सुरक्षित और सशक्त बनाना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here