
बलरामपुर। CG DASTAK
स्कूल जाते समय रास्ते में घेरकर किया हमला, घटना के बाद भड़के ग्रामीणों ने आरोपियों के घर में लगाई आ
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम राधानगर में सोमवार सुबह एक शिक्षक की चाकू और हथौड़े से हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, शिक्षक जयकरन जगते (50 वर्ष) सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे बाइक से अपने घर से स्कूल के लिए निकले थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे उनके चचेरे भाई बृजमोहन (25) और हरिमोहन (24) ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
आरोप है कि दोनों ने शिक्षक पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में जयकरन जगते की गर्दन पर गंभीर चोटें आईं और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जमीन विवाद बना हत्या की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शिक्षक और उनके चचेरे भाइयों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार को भी गांव में इस विवाद को लेकर बैठक हुई थी। आरोप है कि जमीन के बंटवारे के बाद भी खेती और नाप-जोख को लेकर दोनों पक्षों में विवाद जारी था।
घटना के बाद भड़का गुस्सा
शिक्षक की हत्या की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने आरोपियों के घर में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। हालांकि, पुलिस और ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।
दो आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलते ही त्रिकुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद ही हत्या का मुख्य कारण प्रतीत हो रहा है। मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।











