छत्तीसगढ़ में खेलों को मिलेगा नया आयाम: खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़, खेल विभाग का बजट बढ़कर 304 करोड़

0

उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने की बड़ी घोषणाएं, हॉकी लीग की तैयारी शुरू, 6 नए जिलों में खेल अधिकारी और 79 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

रायपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ सरकार राज्य में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए बड़े स्तर पर निवेश कर रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये तथा छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। यह जानकारी उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

अरुण साव ने बताया कि राज्य में पहली बार हॉकी लीग के आयोजन की तैयारी शुरू कर दी गई है। साथ ही खेल अकादमियों के 14 प्रशिक्षकों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए पटियाला भेजा गया है, ताकि प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग मिल सके।

4 करोड़ से बढ़कर 304 करोड़ पहुंचा खेल विभाग का बजट

खेल मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट केवल 4 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 304 करोड़ रुपये हो गया है। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ना और प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

6 नए जिलों में खेल अधिकारी, 79 पदों पर भर्ती

राज्य में खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और सक्ती जिलों में खेल अधिकारियों के पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा विभाग में 79 पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी जारी है, जिनमें प्रशिक्षक, जिला खेल अधिकारी, सहायक ग्रेड-3 और वार्डन के पद शामिल हैं।

बस्तर के बाद अब सरगुजा ओलंपिक

उप मुख्यमंत्री ने बताया कि दूरस्थ आदिवासी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से आयोजित हो रहे बस्तर ओलंपिक की सफलता के बाद अब सरगुजा ओलंपिक भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान मिली है।

बजट की प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये

छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये

राज्य में पहली बार हॉकी लीग की तैयारी

14 प्रशिक्षकों को पटियाला में विशेष प्रशिक्षण

6 नए जिलों में खेल अधिकारियों के पद सृजित

विभाग में 79 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी

खेल विभाग का बजट बढ़कर 304 करोड़ रुपये पहुंचा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here