
कोरबा। छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा। जिले के पसान ग्राम पंचायत में शुक्रवार देर रात एक दंतैल हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने बस्ती में घुसकर मकान-दुकान, कार और बाइक को तोड़फोड़ कर दिया। इसके साथ ही ग्रामीणों को भी दौड़ाया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दंतैल हाथी ने करीब तीन घंटे तक बस्ती में विचरण किया। उसकी चिंघाड़ से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। कई लोग अपनी जान बचाने के लिए घर की छतों पर चढ़ गए, लेकिन इसी बीच कुछ लोग वीडियो बनाने और सेल्फी लेने से भी बाज नहीं आए, जिससे स्थिति और खतरनाक हो सकती थी।
पसान के डिप्टी रेंजर ईश्वर दास मानिकपुरी ने बताया कि वन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा। उन्होंने लोगों से ऐसे मौकों पर सतर्कता बरतने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।
—










