
– कार्यक्रम में रायपुर के म्यूजिक माफिया बैंड की देशभक्ति प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सरायपाली : स्वतंत्रता दिवस की संध्या सरायपाली में नवा बिहान फाउंडेशन द्वारा आयोजित “एक शाम तिरंगे के नाम” कार्यक्रम देशभक्ति, सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर रहा।
कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों, शहीद परिवारों एवं भूतपूर्व सैनिकों का सम्मान किया गया, वहीं रायपुर से आए “म्यूजिक माफिया” बैंड की टीम ने देशभक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियों से शाम को यादगार और हसीन बना दिया। बड़ी संख्या में शहरवासी कार्यक्रम में पहुंचे और देशभक्ति गीत-संगीत का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद शामिल हुईं। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जयदेव गजाधर सतपथी के परिजन श्री पप्पू सतपथी को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इसी क्रम में वर्ष 1971 के युद्ध में शहीद हुए वीर शहीद योगेश्वर दास की धर्मपत्नी श्रीमती पंकजनी देवी, शहीद गौरीहरि साहू की पत्नी श्रीमती बालमती साहू तथा शहीद ललित बुडेक के भाई श्री हृदय नंद बुढ़ेक को विधायक चातुरी नंद के हाथों शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विधायक चातुरी नंद ने कहा कि देश की स्वतंत्रता और सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों का त्याग और बलिदान देश सदैव याद रखेगा। स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के परिवारों का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उनके त्याग और शौर्य से आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम एवं देशसेवा की प्रेरणा मिलती है।
भूतपूर्व सैनिकों का भी हुआ सम्मान
कार्यक्रम में राष्ट्र की सेवा कर चुके 17 भूतपूर्व सैनिकों को भी विधायक चातुरी नंद द्वारा शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वाले भूतपूर्व सैनिकों में श्री धर्मेंद्र चौधरी, श्री लोकनाथ डंडेसना, श्री माराराम पटेल, श्री विजय प्रधान, श्री मदन यादव, श्री बिंदु प्रकाश पटेल, श्री ओम प्रकाश साहू, श्री दंडधर साहू, श्री मानस प्रधान, श्री नवीन भोई, श्री राधेश्याम पटेल, श्री नरेश केवट, श्री वासुदेव साहू, श्री सदाशिव चौहान, श्री लक्ष्मीनारायण साहू, श्री राधेश्याम बगारती एवं श्री गजेन्द्र नाथ भोई शामिल रहे।
म्यूजिक माफिया बैंड ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पक्ष रायपुर के “म्यूजिक माफिया” बैंड की शानदार संगीत प्रस्तुति रही। बैंड की टीम ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। जोशीले और भावपूर्ण गीतों के साथ कलाकारों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों में उत्साह और उमंग भर दी।
बड़ी संख्या में शहरवासी इस विशेष संगीतमय शाम का आनंद लेने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। देशभक्ति गीतों की धुन पर पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत नजर आया। संगीत और सम्मान के इस अनूठे संगम ने “एक शाम तिरंगे के नाम” कार्यक्रम को यादगार बना दिया। दर्शकों ने म्यूजिक माफिया बैंड की प्रस्तुतियों का खूब आनंद उठाया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
नवा बिहान फाउंडेशन का यह आयोजन एक ओर जहां स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों एवं सैनिकों के त्याग और बलिदान को नमन करने का अवसर बना, वहीं दूसरी ओर देशभक्ति संगीत के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करने वाला रहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नवा बिहान फाउंडेशन को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उपस्थित लोगों ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को अपने वीरों के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने के साथ-साथ देशभक्ति की भावना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
“एक शाम तिरंगे के नाम” में सम्मान, शौर्य, बलिदान और देशभक्ति संगीत का संगम देखने को मिला, जिसने सरायपाली की इस शाम को लंबे समय तक याद रखने योग्य बना दिया।









