आजादी के पर्व पर सेवा की मिसाल, किराना एवं एजेंसी संघ ने किया विशाल भंडारा का आयोजन

0

सरायपाली। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर सरायपाली में देशभक्ति और सामाजिक सेवा की अनूठी मिसाल देखने को मिली। पदमपुर रोड स्थित शंकर मंदिर परिसर में सरायपाली किराना एवं एजेंसी संघ द्वारा विशाल भंडारा एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान करीब 1000 लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति गीतों के साथ स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाया गया। बड़ी संख्या में नगरवासियों ने भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर आयोजित इस आयोजन को नगरवासियों ने सराहनीय एवं अनूठी पहल बताया।

संघ के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल देश की आजादी का पर्व ही नहीं, बल्कि देशप्रेम, एकता और सेवा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। इसी भावना के साथ संघ द्वारा इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर भंडारा आयोजित कर नगरवासियों को प्रसाद वितरण करने का निर्णय लिया गया। देशभक्ति गीतों के बीच लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

संघ के सचिव राजेश अग्रवाल ने बताया कि किराना एवं एजेंसी संघ की कार्यकारिणी के सदस्यों के बीच विचार हुआ कि वर्षभर विभिन्न पर्वों एवं अवसरों पर अलग-अलग स्थानों पर भंडारे आयोजित किए जाते हैं। ऐसे में क्यों न देश के राष्ट्रीय पर्व स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भी भंडारे का आयोजन कर लोगों को प्रसाद वितरित किया जाए। विचार सामने आते ही सभी पदाधिकारियों ने सहमति जताई और तत्काल आयोजन की रूपरेखा तैयार कर इसे मूर्त रूप दिया।

उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में निरंतर सहभागिता करना है। स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित इस भंडारे को नगरवासियों का जिस तरह से सहयोग और समर्थन मिला, उससे संघ के सदस्यों का उत्साह बढ़ा है। संघ भविष्य में भी अवसर के अनुरूप ऐसे सामाजिक एवं जनहितकारी आयोजन करता रहेगा।

पदाधिकारियों एवं सदस्यों का रहा विशेष योगदान

कार्यक्रम को सफल बनाने में संघ के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल, उपाध्यक्ष विष्णु अग्रवाल एवं राजेश मित्तल, सचिव राजेश अग्रवाल, कोषाध्यक्ष प्रदीप जैन का विशेष योगदान रहा। वहीं संघ के संरक्षक घासीराम अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल एवं नंदकिशोर अग्रवाल सहित कार्यकारिणी सदस्यों मनोज जैन, अजय अग्रवाल, देवेंद्र अग्रवाल, राजकुमार साहू, पवन अग्रवाल, रोहित अग्रवाल एवं नूर मोहम्मद तथा संघ के समस्त सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

नगर में चर्चा का विषय बना आयोजन

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित यह भंडारा सरायपाली में चर्चा का विषय रहा। लोगों ने राष्ट्रीय पर्व को सामाजिक सेवा से जोड़ने की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे सकारात्मक और अनुकरणीय कदम बताया। संघ के सदस्यों ने भी कहा कि आने वाले समय में सामाजिक एकता, सेवा और जनहित से जुड़े ऐसे आयोजनों को आगे बढ़ाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here