अगरबत्ती मशीन के नाम पर लाखों की ठगी या कारोबार में विवाद? भारत ग्रुप पर गंभीर आरोप, कंपनी ने दिया जवाब

0

रायपुर में बड़ी संख्या में लोगों ने की शिकायत, कंपनी ने सभी आरोपों से किया इनकार; अब तक FIR दर्ज नहीं

रायपुर। CG DASTAK 

राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित वॉलफोर्ट ओजोन में संचालित भारत ग्रुप पर अगरबत्ती बनाने की मशीन, बायबैक गारंटी और रोजगार का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप लगे हैं। अलग-अलग जिलों से पहुंचे लोगों ने सामूहिक शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। मामले की शिकायत जनदर्शन और पुलिस अधिकारियों से भी की गई है, हालांकि अब तक FIR दर्ज नहीं हुई है।

आरोप है कि कंपनी ने अगरबत्ती मशीन बेचते समय बायबैक और निश्चित आय का भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में भुगतान, मशीन की खराबी और तकनीकी सहायता को लेकर कई लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

वहीं, कंपनी की ओर से सभी आरोपों को खारिज किया गया है। सर्विस मैनेजर निकिता शाह ने कहा कि करीब 200 लोगों ने मशीन खरीदी है, जिनमें से केवल 22 लोगों ने शिकायत की है। उनके अनुसार मशीनें सही तरीके से काम कर रही हैं और भुगतान अनुबंध की शर्तों के अनुसार किया जा रहा है।

कंपनी का कहना है कि गोदाम में अगरबत्तियों की पैकिंग और ट्रांसपोर्टिंग का कार्य चल रहा है तथा कई लोग नियमित रूप से माल देकर भुगतान भी प्राप्त कर रहे हैं। तकनीकी सहायता के लिए कंपनी के पास छह टेक्नीशियन होने का भी दावा किया गया है।

फिलहाल पीड़ितों ने मामले की निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, कंपनी का कहना है कि वह जांच में पूरा सहयोग करेगी और उसके खिलाफ लगाए गए आरोप निराधार हैं।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here