
रायपुर। राजधानी रायपुर के सुंदरनगर क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। साइंस कॉलेज में एमएससी की पढ़ाई कर रही 25 वर्षीय छात्रा ने अपने किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा की पहचान प्रज्ञा शर्मा, पिता अशोक शर्मा, निवासी बेमेतरा के रूप में हुई है। यह घटना डीडी नगर थाना क्षेत्र की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर को छात्रा की एक सहेली उससे मिलने सुंदरनगर स्थित रामजी कुंज कॉलोनी पहुंची थी। जब उसने दरवाजा खुला पाया और भीतर दाखिल हुई, तो देखा कि प्रज्ञा शर्मा की लाश पंखे के रॉड से लटकी हुई थी। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सुसाइड नोट बरामद हुआ, लिखा—‘मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं’
पुलिस ने मौके से एक सुसाइड नोट बरामद किया है, जिसमें प्रज्ञा ने लिखा है कि उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। साथ ही उसने उल्लेख किया है कि उसे पिता का प्यार नहीं मिला। जानकारी के मुताबिक, छात्रा के माता-पिता में अलगाव हो चुका था। पिता बीमार चल रहे हैं और मां महासमुंद में शासकीय पद पर कार्यरत हैं।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा की आत्महत्या की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है। परिजनों से विस्तृत बयान लेने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी।










